टी.पी. नगर कोरबा में खुला 100 बिस्तरों का शिवाय सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया शुभारंभ

कोरबा। शहरवासियों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टी.पी. नगर स्थित न्यू बस स्टैंड के पास 100 बिस्तरों वाले सुपरस्पेशलिटी शिवाय हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ रविवार को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
टी.पी. नगर स्थित न्यू बस स्टैंड के पास स्थापित शिवाय हॉस्पिटल में 100 बिस्तरों के साथ अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल में आधुनिक तकनीक से लैस मशीनें, उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं, अनुभवी डॉक्टरों की टीम तथा प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार प्रदान किया जाएगा। साथ ही यहां 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
अस्पताल के संचालक डॉ. दैविक एच. मित्तल (न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन), आशीष भावनानी (B.Arch) तथा डॉ. यश मित्तल (सीईओ) ने बताया कि शिवाय हॉस्पिटल का उद्देश्य कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।


