Uncategorized

नेशनल हाईवे-130 पर सड़क हादसा: बाइक सवार युवक की हुई मौत

पोंड़ी उपरोड़ा। बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर रविवार की रात सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक नोहर साय सारथी (पिता – चैन साय) निवासी शंकरडुगू मोहल्ला, पोंड़ी उपरोड़ा, रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वर्तमान में वह मुख्य सड़क किनारे अंडा दुकान संचालित करता था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।

परिजनों के मुताबिक, 1 मार्च 2026 की रात करीब 9बजे दुकान बंद कर नोहर साय अपनी मोटरसाइकिल बजाज डिस्कवर क्रमांक CG 12 AX 1854 से कोनकोना गया था। लौटते समय रात लगभग 9 बजे जब वह नेशनल हाईवे-130 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पोंड़ी उपरोड़ा के पास पहुंचा, तभी सड़क हादसे का शिकार हो गया। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी है। हादसे में उसके सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की मदद से उसे पोंड़ी उपरोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
रात अधिक होने के कारण परिजन तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। 2 मार्च 2026 को परिजनों ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *