Uncategorized

कोरबा में होली पर पुलिस अलर्ट: बालकोनगर थाना में शांति समिति की बैठक, 14 वारंटी गिरफ्तार

बालकोनगर। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना बालकोनगर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने थाना परिसर में बैठक लेकर विभिन्न ग्रामों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरीय क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से चर्चा की। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील की तथा किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा।
होलिका दहन को लेकर सावधानी की अपील
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि होलिका दहन खुले मैदानों में किया जाए और बिजली के तारों के नीचे दहन न किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। होली के दिन बिना सहमति के किसी पर जबरन रंग-गुलाल न लगाने और विशेष रूप से महिलाओं के सम्मान का ध्यान रखने की अपील की गई।

14 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 14 स्थायी एवं फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। ऐसे व्यक्तियों को चिन्हांकित कर कार्रवाई की गई है, जो शांति व्यवस्था भंग कर सकते थे।
इसके साथ ही नशे से संबंधित शिकायतों पर लगातार कार्रवाई जारी है। शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने तथा शराब व नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करते पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

ट्रैफिक नियमों पर सख्ती
बालको पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मोटरसाइकिल पर तीन सवारी चलाना, प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना और शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चेक पोस्ट और गश्त रहेगी जारी
होली के दौरान विभिन्न चेक प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात रहेगा और पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करती रहेगी। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं, नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
“त्योहार मनाते समय सावधानी रखें और कानून का पालन करें।”
युवराज तिवारी, थाना प्रभारी बालकोनगर

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *