गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की महापंचायत में प्रस्तावित कोल खनन परियोजना का कड़ा विरोध, ग्रामीण बोले: जल, जंगल और जमीन को नुकसान पहुंचाने वाली परियोजना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं…
पोड़ी उपरोड़ा। ब्लॉक के पसान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जल्के मे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) की महापंचायत आयोजित की गई। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम के निर्देश और जिला पंचायत सदस्य एवं जिलाध्यक्ष विदवान सिंह मरकाम के मार्गदर्शन में हुआ।

महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर क्षेत्रीय समस्याओं और प्रस्तावित कोल खनन परियोजना पर खुलकर अपनी राय रखी। ग्रामीणों ने कहा कि किसी भी कीमत पर उनकी जमीन, जल और जंगल को नुकसान पहुंचाने वाली परियोजना स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खनन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया तो वे विरोध प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन धरना तक का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।

गौरतलब है कि जल्के गांव के समीप स्थित बीजाड़ांड़ क्षेत्र में प्रस्तावित रूंगटा कोल ब्लॉक के आवंटन के विरोध में ग्रामीण पिछले एक माह से अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। महापंचायत में उपस्थित लोगों ने इस आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र के ग्रामीण एकजुट हैं और किसी भी सूरत में कंपनी को कार्य प्रारंभ करने नहीं दिया जाएगा।
कार्यक्रम में गोंगपा युवा मोर्चा जिला संगठन मंत्री विनोद कुमार आरमो, ब्लॉक उपाध्यक्ष मुकेश पोया, मनोज कुमार मरावी, भुवनपाल सिंह पेन्द्रो, धरमपाल सिंह मरकाम, शिवकुमार श्याम, मंगल सिंह ओलाड़ी, सुखनंदन सिंह पुहुप सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
महापंचायत के माध्यम से ग्रामीणों ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि खनन विरोध अब व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है, और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी एकजुटता मजबूत बनी हुई है।


