Uncategorized

खदान के बीच से गुजरी बाईपास पर हादसा…खड़े ट्रेलर से दूसरा ट्रेलर टकराया, केबिन क्षतिग्रस्त हाेने से चालक की माैत

काेरबा। जिले में दीपका खदान के बीच से गुजरी दीपका-हरदीबाजार बाईपास मार्ग पर आज हुए हादसे में एक ट्रेलर के चालक की माैत हाे गई। बताया जाता है कि ट्रेलर चालक सुखसागर कश्यप जाे हरदीबाजार के कसियाडीह गांव का रहने वाला था वह वाहन में काेयला लादकर बलौदा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही गाड़ी से टक्कर बचाने के दाैरान उसका ट्रेलर सड़क पर खड़े ट्रेलर से जा टकराया। ब्रेकडाउन होने के कारण उक्त ट्रेलर सड़क पर खड़ा था, जिसके डाले से ट्रेलर का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चालक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लोगों ने चक्काजाम कर दिया। इससे दीपका-हरदी बाजार मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। ट्रेलर मालिक ने मृतक के परिजनों को तत्काल 1 लाख रुपए की सहायता राशि दी है। वहीं प्रशासन ने 25 हजार रुपए की सहायता राशि पीड़ित परिजनों को दिए हैं। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम खत्म किया।