कांग्रेस शासन में राखड़ गिरवा कर सरकारी जमीन पर कब्जा का चला खेल, अब चलने लगा प्रशासन का बुलडोजर, राताखार से शुरूवात, मचा हड़कंप

कोरबा। प्रदेश में कांग्रेस शासन काल में जिले में जगह राखड़ गिरवा कर या अन्य तरीके से सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने वालो की सरकार बदलने के बाद अब खैर नहीं। अब तक कब्जा करने वालों रसूखदारों की तरह से आंख फेर लेने वाली प्रशासन अब बुलडोजर लेकर कार्यवाही करने मैदान में उतर गई है। आज ऐसे लोगों के खिलाफ़ अभियान की शुरूवात राताखार वार्ड से हुई है। जहां राताखार से सर्वमंगला मंदिर की ओर जाने वाले बायपास रोड किनारे कब्जे का खेल चल रहा था। हसदेव नदी के किनारे वाले हिस्से में बायपास रोड किनारे अवैध रूप से राखड़ गिरवा कर पहले पटवाया गया। फिर गुमटी बनाकर नाश्ता दुकान व टायर दुकान खोले गए, जिसकी आड़ में पक्के दूकान और बाउंड्रीवाल खड़े करके कई एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा जमा लिया गया था। ऐसे लोगों को खास लोगों का संरक्षण भी मिला था। प्रशासन ने आज बुलडोजर चलाकर कब्जे को गिरा दिया।
प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के पूर्व में ही कई बार अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दे दिया गया था। लेकिन उनके द्वारा नोटिस पर अमल नहीं करने और अतिक्रमण नहीं हटाने के कारण आज प्रशासन के द्वारा अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई है। शहर में सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण करने वालों की सूची तैयार कर ली है और अतिक्रमण हटाने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक सूची में ज्यादातर कांग्रेसी या उनके रिश्तेदार परिचित के नाम शामिल है जिन्होंने जगह-जगह राखड़ पटवा कर कब्जा किया है।
