पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पोंड़ी उपरोड़ा में वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

पोंड़ी उपरोड़ा। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पोंड़ी उपरोड़ा के विद्यालय प्रांगण में वार्षिकोत्सव समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष शिवशंकर उइके द्वारा माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष ने उपस्थित जनसमूह को माँ सरस्वती अवतार दिवस एवं बसंत पंचमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास की नींव है।

ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है और उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से सरपंच सहेत्तर सिंह राज, प्राचार्य रविन्द्र कुमार सिंह, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य भुवनेश्वर राजवाड़े, श्रीमती ललिता सोनवानी, श्रीमती संतोषी कंवर, डॉ. निदान, विद्यालय के शिक्षकगण, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों से पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह सौहार्द, अनुशासन एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।





