प्लांट में साफ सफाई का काम कर रहा था ठेका कर्मी, करंट लगने से हो गई मौत

कोरबा। दीपका क्षेत्र में एक कंपनी के प्लांट में शुक्रवार की दोपहर कार्य के दौरान करंट लगने से एक ठेका कर्मी की मौत हो गई।
दीपका थाना अंतर्गत चाकाबुड़ा में निजी कंपनी का प्लांट है। जहां हरदीबाजार थाना के सरईसिंगार गांव निवासी दिनेश निर्मलकर उम्र 25 ठेका कर्मी था। शुक्रवार को वह ड्यूटी पर था। दोपहर में कार्य करते समय वह करंट की चपेट में आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद प्लांट के सह कर्मियों ने काम बंद कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर दीपका थाना से एएसआई खगेश राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम वहां पहुंची। टीम ने प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को समझाइश देकर शांत कराया। वहीं मामले में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवाया। एएसआई खगेश राठौर के मुताबिक मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं मामले में आगे जांच पड़ताल की जा रही है।