पाली महोत्सव का आज होगा शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री मंत्री अरुण साव रहेंगे मुख्य अतिथि

महाशिवरात्रि पर आस्था और सुरों का महा उत्सव

कोरबा।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज महादेव की नगरी पाली के ग्राम पंचायत केराझरिया स्थित मैदान में आज 15 फरवरी से दो दिवसीय पाली महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन होगा। जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रति वर्ष होने वाला यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत का भव्य संगम प्रस्तुत करेगा।

शिव आरती और दीपोत्सव से होगा शुभारंभ
आज रविवार 15 फरवरी को शाम 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट में भव्य शिव आरती और दीपोत्सव का आयोजन होगा। शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य, श्रम, उद्योग, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। समारोह में सांसद कोरबा ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल तथा ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच गिरजा सत्यनारायण पैंकरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेगी।


