कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किया “वजन त्यौहार 2026” का शुभारंभ, बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य जांच पर दिया विशेष जोर
कोरबा।शासन के निर्देशानुसार “वजन त्यौहार 2026” का शुभारंभ आज आंगनबाड़ी केंद्र रामपुर-1, सेक्टर रामपुर, कोरबा (शहरी) में कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज, वार्ड पार्षद ममता यादव तथा परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों द्वारा आत्मीय स्वागत से हुई। इसके पश्चात कलेक्टर दुदावत ने बच्चों से परिचय लिया। बच्चों ने “नींबू देखो गोल-गोल” और “मछली जल की रानी है” जैसे बालगीत प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।
कलेक्टर ने बच्चों को रंगों की पहचान कराई तथा सब्जियों और फलों के चित्रों के माध्यम से पोषण का महत्व समझाया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक गतिविधियों में भाग लिया और सही जवाब देने वाले बच्चों को चॉकलेट दी गई।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र में दर्ज बच्चों, गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं, कुपोषण की स्थिति और टीकाकरण की जानकारी ली।

उन्होंने सही तरीके से वजन और ऊंचाई मापने, एनआरसी रेफरल और घर पर बच्चों की देखभाल पर विशेष जोर दिया।
उनकी उपस्थिति में नव्या (2 माह), पिता – करण गोड और आन्या (5 माह), पिता – शनि जायसवाल का वजन इलेक्ट्रॉनिक मशीन से और ऊंचाई इन्फेंटोमीटर से मापी गई। इस दौरान उन्होंने सभी हितग्राहियों को टीकाकरण, संतुलित आहार और नियमित निगरानी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में 0 से 6 वर्ष के बच्चे, गर्भवती महिलाएं, शिशुवती माताएं, किशोरी बालिकाएं, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन और बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों में अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में जरूर लाएं, ताकि वजन त्योहार का उद्देश्य पूरा हो और कोरबा को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

