Uncategorized

पाली में बिजली विभाग की लापरवाही से फिर मंडराया जानलेवा खतरा, खुले विद्युत पैनल से पहले जा चुकी है एक गौवंश की जान

गायत्री मंदिर के सामने ट्रांसफॉर्मर का पैनल खुला, बेतरतीब लटक रहे बिजली के तार; बड़े हादसे के इंतजार में विभाग!

पाली (कोरबा)। पाली-पोड़ी मुख्य मार्ग पर गायत्री मंदिर के सामने स्थित बिजली ट्रांसफॉर्मर की बदहाल स्थिति आम लोगों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। ट्रांसफॉर्मर के नीचे लगा विद्युत पैनल खुला पड़ा है, वहीं आसपास बिजली के तार भी अव्यवस्थित तरीके से लटक रहे हैं। बिजली विभाग की इस लापरवाही से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

चिंताजनक बात यह है कि ग्रामीण बता रहे थे कि इसी स्थान पर खुले विद्युत पैनल की चपेट में आने से पहले ही एक गौवंश की जान जा चुकी है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। जिस स्थान पर पहले एक बेजुबान की जान जा चुकी है, वहां अब भी खतरा बरकरार रहना बेहद गंभीर मामला है।

गायत्री मंदिर के सामने होने के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों और आसपास से गुजरने वाले लोगों के लिए खुला विद्युत पैनल किसी बड़े खतरे से कम नहीं है। यदि कोई व्यक्ति अनजाने में इसके संपर्क में आ गया तो गंभीर जनहानि हो सकती है।

सवाल यह है कि क्या बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? पहले एक गौवंश की जान जाने के बाद भी यदि व्यवस्था नहीं सुधरी, तो यह जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

अब जरूरत है कि बिजली विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर खुले विद्युत पैनल को सुरक्षित ढंग से बंद कराए, लटकते तारों को व्यवस्थित करे और पूरे ट्रांसफॉर्मर की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करे, ताकि किसी इंसान की जान जाने से पहले इस खतरे को खत्म किया जा सके।

Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *