सर्व समाज ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प, एसपी संताेष सिंह ने कहा: सभ्य समाज में नशे का कोई स्थान नहीं, इसे हतोत्साहित किया जाना चाहिए
अग्रसेन भवन कटघोरा में आयाेजित हुई बैठक, सर्व समाज ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

कटघोरा। एसपी कोरबा संतोष सिंह द्वारा कटघाेरा के अग्रसेन भवन में आज सर्व समाज की बैठक लिया गया। इस मौके पर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे निजात अभियान को लेकर चर्चा की गई और अपराध नियंत्रण को लेकर भूमिका निभाने को कहा गया। पुलिस के इस प्रयास को लेकर विभिन्न समाज के प्रतिनिधियों ने संक्षिप्त में अपने विचार रखे और प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में अलग-अलग समजा व क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोगों सहित नगर के गणमान्य नागरिकाें व मीडिया कर्मियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

बैठक में सर्व प्रथम छत्तीसगढ़ महतारी की चित्र पर ज्योत प्रज्वलित कर सभी ने राज्य गीत का गायन किया। बैठक में बताया गया कि “निजात अभियान” न केवल कोरबा जिले बल्कि पूरे प्रदेश में पुलिस चला रही है। इसके माध्यम से विभिन्न प्रकार के नशे से होने वाले अपराधों के कारण, फैलाव, अपराधिक तत्वों की संलिप्तता और इस दिशा में होने वाले समाधान को लेकर जानकारी दी जा रही है। इसके काफी अच्छे परिणाम क्षेत्र में देखने को मिले हैं। मुख्य रूप से विभिन्न प्रकार के नशों के मामले में सम्यक कार्रवाई पुलिस कर रही है और मादक पदार्थों की धरपकड़ के साथ आरोपियों को जेल भेजने का काम किया जा रहा है।

एसपी संताेष सिंह ने बैठक में अपने दिए उद्बाेधन में कहा कि निजात अभियान के तहत यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि सभ्य समाज में नशे जैसे बुराईयों का कोई स्थान न तो कभी था और न ही है। इसलिए हर स्तर पर इसे हतोत्साहित किया जाना चाहिए। ऐसा होने पर संबंधित तत्वों का मनोबल टूटेगा और वे मुख्य धारा में शामिल होने के लिए मजबूर होंगे। उन्हाेंने निजात अभियान को सफल बनाने सर्वसमाज से सहयोग की अपील। एसपी संताेष सिंह ने सायबर क्राइम को लेकर भी चर्चा की। इसके कई पहलुओं की जानकारी दी गई। लोगों से कहा गया कि किसी भी तरह के लुभावने विज्ञापनों के अलावा सोशल साइट पर आने वाली लिंक और बोगस फोन कॉल को इंटरटेन न किया जाए। हमारी सतर्कता से इस प्रकार के अपराध रूक सकते हैं और हम सामूहिक तरीके से साइबर ठगी के काम में लिप्त लोगों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफल हो सकते है।
4 माह में 1200 आराेपी गिरफ्तार, 150 जेल भेज गए
एसपी संतोष सिंह के नेतृत्व में कोरबा जिले में ड्रग्स, नारकोटिक्स व अवैध शराब के विरूद्ध अभियान निजात में बड़े पैमाने पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले के अन्तर्गत हर छोटे-बड़े कस्बे, गावों एवं शहरों में निजात अभियान पर कोरबा पुलिस के जवानों के द्वारा नशा मुक्त कोरबा बनाने की अपील कर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। जिसमें अभियान में लोगों का लगातार जन समर्थन भी मिल रहा है। इस अभियान में सख्त से सख्त कार्यवाही कर नशे के पैमाने को धवस्त करने की कोशिश की जा रही है। जिले में अभी तक ड्रंक एंड ड्राइव के मामले में 4 सौ से अधिक लोगों पर कार्यवाही की गई है । 4 माह में एनडीपीएस और आबकारी के करीब 1000 प्रकरण में कार्यवाही कर 1200 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है और जिसमें करीब 150 लोगों को जेल भेजा गया है। जिससे अवैध नशा करने वाले लोगों में खौफ का माहौल बना हुआ है। माह जुलाई 2022 से चलाये जा रहे इस निजात अभियान में समाज के हर वर्ग के लोगों ने अपनी हिस्सेदारी प्रकट की है।

सर्वसमाज की बैठक में ये रहे उपस्थित
कटघोरा पुलिस द्वारा आयोजित निजात अभियान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष रतन मित्तल, शहर काँग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव लखनपाल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पवन गर्ग, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल, पार्षद मुरली साहू, पवन शर्मा, सिंधी समाज के अध्यक्ष रमेश वाटवानी, पत्रकार संघ के अध्यक्ष अजय धनोदिया, छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष राहुल डिक्सेना, पत्रकार हितेश अग्रवाल, संदीप चौबे ,कृष्णगोपाल मित्तल, शशिकांत डिक्सेना, शारदा पाल, अयान अली, चंद्रकुमार श्रीवास, सौरभ यादव, विकास तिवारी, किशन केशरवानी, शिवशंकर जायसवाल, चंद्रप्रकाश जायसवाल सहित समाज सेवी, नगर के सर्व समाज के गणमान्य नागरिक,कटघोरा मुकुटधर पांडेय महाविद्यालय के छात्र छात्राएं, शिक्षक शिक्षिकाएं , नगर के स्कूल के छात्र-छात्राएं व पुलिस जवान उपस्थित रहे।
