Uncategorized

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शहर में हसदेव नदी के तट सर्वमंगला घाट पर होगा यज्ञ एवं दीपोत्सव, 51 हजार दीप जलेंगे और होगी भव्य आतिशबाजी

 

कोरबा। नमामि हसदेव द्वारा विश्व कल्याण की भावना से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर हसदेव नदी के पर स्थित मां सर्वमंगला घाट पर दिनांक 22 जनवरी 2024 (सोमवार) दोपहर 03.00 बजे से यज्ञ एवं दीपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित है। कार्यक्रम के  मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन (कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन) एवं विशिष्ट अतिथि देवेन्द्र पाण्डेय (पूर्व अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक) और विकास महतो (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला प्रभारी रायगढ़, भाजपा) होंगे। माँ सर्वमंगला घाट पर भव्य रंगोली और उत्सव दोपहर 03.00 बजे से 51 कुण्डी यज्ञ से प्रारम्भ होगा, उसके उपरांत श्री हनुमान चालीसा पाठ, श्रीराम जी का राज्याभिषेक, श्रीराम जी और माँ हसदेव की आरती, 51 हजार दीप जलाकर एवं भव्य आतिशबाजी के साथ उत्सव संपन्न होगा।

उक्त जानकारी हसदेव नमामि के रणधीर पांडे एवं शिव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर दीप उत्सव कार्यक्रम के विषय में विस्तार से जानकाारी दी। साथ ही मानव जीवन के विकास यात्रा में जल और नदी का महत्वपूर्ण योगदान है, इस दृष्टि से नमामि हसदेव द्वारा हसदेव नदी के प्रदुषण को कम करने, हसदेव नदी के संरक्षण तथा हसदेव नदी के तट का सौंदर्यकरण का कार्य किया जाना बताया। उन्होंने कहा कि हसदेव नदी के कोरिया में उद्गम स्थल से लेकर बिर्रा के आगे महानदी में मिलन स्थल तक हसदेव और उसकी सहायक नदी की सफाई और सौंदर्यकरण किया जाएगा।

हसदेव नमामि की ओर से सर्वमंगला घाट में आयोजित कार्यक्रम में कोरबा के समस्त बंधु- भगिनी से निवेदन किया गया है कि सपरिवार सहभागी बने।

प्रेसा वार्ता के दौरान नमामि हसदेव समिति के रणधीर पांडे व शिव अग्रवाल के अलावा मोहनधर दीवान, सुखविंदर सिंह धंजल एवं भरत पांडे समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।