छत्तीसगढ़

जनता से किए चुनावी वादे पर शहर विधायक लखन लाल देवांगन का पहला कदम…कलेक्टर को पत्र लिखकर कहा- बालकोनगर में भारी वाहनों पर लगाए नो एंट्री, रात में राखड़-कोयला परिवहन और एनजीटी के नियमों का पालन कराएं 

कोरबा। शहर विधायक लखन लाल देवांगन अब मोदी गारंटी के अलावा विधानसभा क्षेत्र के अनुसार जनता से किए गए अपने वादे को पूरा करने एक्शन मोड पर आ गए हैं। इसके लिए सबसे पहले उन्होंने बालकोनगर के मुख्य सड़क रिंग रोड पर परेशानी का सबब बने रिंग रोड की समस्या को दूर करने कलेक्टर सौरभ कुमार को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि बालकोनगर से गुजरे सड़क पर हजारों की तादात में प्रतिदिन भारी वाहनों से राख और कोल परिवहन किया जाता है, उक्त मार्गो पर भारी वाहनों के परिचालन से सड़क हादसे बढ़ रहे है। स्कूल,कॉलेज के साथ आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन हो रहे हादसे से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इसलिए भारी वाहनों पर नो एंट्री जल्द से जल्द लगाए। सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक राखड़ और कोयले के परिवहन पर प्रतिबंध लगाए। इसके अलावा एनजीटी की नई गाइडलाइन के मुताबिक राख का परिवहन कैप्सूल वाहनों से हो, ताकि सड़कों पर डस्ट की समस्या कम हो। राखड़ परिवहन के लिए प्रतिदिन मात्रा भी तय हो। कोरबा विधायक के मीडिया प्रभारी मनोज ठाकुर ने बताया की भारी वाहनों से हो रहे हादसे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक लखन लाल देवांगन ने प्रशासन को तत्काल पत्र लिखकर व्यवस्था ठीक करने कहा है। बहुत जल्द सभी उपक्रमों और विभाग की कोरबा विधायक बैठक लेंगे। कोरबा विधायक की प्राथमिकताएं हैं की आम लोगों के जीवन में उपक्रमों की वजह से किसी तरह का विपरित असर न पड़े।

भारी वाहनों के वैकल्पिक सड़क की जरूरत

कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने कलेक्टर को स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया है की बालकोनगर में कोयला और राखड़ परिवहन के लिए 6 महीने के भीतर अलग वैकल्पिक सड़क का निर्माण कराया जाएं। दरअसल हर साल ध्यानचंद चौक से रिस्दी तक सड़क खराब हो रही है। आने वाले दिनों में एचटीपीपी व बालको प्लांट समेत कोयला खदानों का विस्तार होना है, इसके बाद वाहनों का दबाव और बढ़ जायगा। इसलिए अभी से वैकल्पिक मार्ग बनाने की जरुरत है।

कुसमुंडा–इमलीछापर फोरलेन जल्द पूरा कराएं

बालकोनगर के अलावा कुसमुंडा से इमलीछापर मार्ग को जल्द पूरा कराने के लिए भी कलेक्टर को पत्र लिखकर विधायक लखन लाल देवांगन ने निर्देशित किया है। उन्होंने लिखा है की सड़क का काम विलंब से चल रहा है, इससे जाम और लोगों को परेशानी हो रही है। नियमित तौर पर पानी का छिड़काव करने के लिए भी कहा गया है।