छत्तीसगढ़

सहज-सरल स्वभाव जनता को भाया, पार्टी के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं की मेहनत ने भी रंग जमाया, कोरबावासियों के प्यार ने लखनलाल देवांगन को शहर विधायक बनाया

विधायक बनने के बाद लखनलाल देवांगन ने जनता के साथ कार्यकर्ताओं का जताया आभार, बोले: मतदाताओं के भरोसे पर उतरूंगा खरा, हर एक वादे होंगे पूरे, शहर के विकास में नहीं छोड़ी जाएगी कोई कसर

कोरबा। कोरबा विधानसभा सीट पर पहली बार भाजपा की जीत हुई है और लखनलाल देवांगन विधायक बने हैं। जीत के बाद विजय रथ में सवार होकर वे शहर पहुंचे। उन्होंने कोरबा विधानसभा सीट बनने के बाद से अब तक लगातार तीन बार विधायक व वर्तमान में राजस्व मंत्री रहे जयसिंह अग्रवाल को लगभग 25 हजार वोट से हराया। अब उनकी जीत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है। तमाम तरह के दावे किए जा रहे हैं लेकिन जीत के पीछे सबसे बड़ी भूमिका है तो उनकी सहजता व सरलता वाले स्वभाव की। पूर्व में शहर के महापौर व प्रदेश में केबिनेट मंत्री रहने के बाद भी उनमें घमंड नहीं होना और सादगी से रहना ही जनता को भाया। इसके अलावा पार्टी के पदाधिकारियों एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत ने भी रंग जमाया और शायद इसी वजह से इतनी बड़ी जीत मिली है।

कोरबा सीट पर भाजपा की जीत के बाद शहर में इस बात को लेकर चर्चा सरगर्म है कि आखिरकार तीन बार के विधायक एवं प्रदेश के कद्दवर मंत्री जयसिंह अग्रवाल को इतनी बड़े अंतर से पराजय क्यों मिली? हालांकि लखनलाल देवांगन को भाजपा हाईकमान ने दो माह पूर्व यहां से टिकट फायनल कर दिया था तभी से इस बात को लेकर चर्चा चल रही थी कि इस चुनाव में मुकाबला काफी रोचक रहेगा। जीत-हार को लेकर किसी तरह के पुख्ता दावे नहीं किए जा रहे थे। इसमें भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता भी शामिल थे जो यह दावा कर रहे थे कि इस बार चुनाव में मुकाबला काफी कांटे का रहेगा। वहीं दूसरी ओर लखनलाल देवांगन को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपाईयों में बूथ से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों में एक नए उत्साह का संचार हुआ। पिछले 15 वर्षों से हार की दंश झेल रहे भाजपाई भी एकजुट हो गए। शुरूआत में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि सभी मामले में भाजपा प्रत्याशी पीछे चल रहे हैं क्योंकि कांग्रेस प्रत्याशी हर क्षेत्र में मजबूत दिखाई पड़ रहे थे। लेकिन भाजपाई खेमे में अंदर से उत्साह का संचार हुआ और अंत तक जारी रहा जिसका परिणाम सामने आया है कि कोरबा से लखनलाल ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जानकारों का कहना है कि पिछले अन्य चुनावों की भरपाई भाजपा प्रत्याशी ने कर दिया है क्योंकि जीत का आंकड़ा 25 हजार से भी अधिक है।

जनता के साथ कार्यकर्ताओं का आभार: लखनलाल
विधायक बनने के बाद लखनलाल देवांगन ने पहली प्रतिक्रिया जारी करते हुए कहा कि इस जीत के पीछे कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका तो रही है लेकिन जिस तरह से पूरे क्षेत्र की जनता ने आशीर्वाद दिया है उसका स्वागत है क्योंकि पूर्व में भाजपा को विधानसभा चुनाव के दौरान कभी भी इस तरह का सहयोग नहीं मिला है। इसी वजह से यह जीत काफी मायने रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं ने अपनी क्षमता से अधिक कार्य किया जिसकी वजह से आज मैं इस स्थिति तक पहुंचा हूं। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह के अलावा अशोक चावलानी, विकास महतो, जोगेश लांबा, गोपाल मोदी, नवीन पटेल, हितानंद अग्रवाल, प्रफुल्ल तिवारी, आरिफ खान, नरेन्द्र देवांगन, राजेन्द्र अग्रवाल, अमित नवरंगलाल, मनोज यादव, समीर पाण्डेय सहित मंडल के अध्यक्ष, पदाधिकारी, महिल प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ एवं सभी मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम रही।

संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी-कार्यकर्ता की मेहनत से हुई शानदार जीत: विकास महतो

कोरबा विधानसभा सीट पर पहली बार भाजपा का कब्जा व लखनलाल देवांगन की शानदार जीत के बाद भाजपा के प्रदेश कार्यकारणी सदस्य विकास महतो ने सोमवार की सुबह पत्रकारों से चाय पर चर्चा की। लखनलाल देवांगन को जीत दिलाने में अहम भूमिका होने के बाद भी उन्होंने जीत का पूरा श्रेय संगठन को दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता ने पूरी मेहनत से यह जीत दिलाई है। किसी एक को इसका श्रेय देना गलत होगा, इस जीत के पीछे भाजपा की संगठनात्मक रूप से कार्य करने की क्षमता है जो लगातार चलती रहती है। कोरोना काल में भी संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बगैर लोगों के बीच जाकर उनकी भरपूर मदद की। हर मौके पर संगठन का कार्य दिखता है। यही वजह है कि जनता ने भाजपा को मतदान के रूप में प्रतिफल दिया। कोरबा में धनबल के आगे जनबल की जीत दिलाकर संदेश भी दिया गया की जनता से बढ़कर कोई नहीं है।