कांग्रेस सरकार के 5 साल गुजर गए भारी वाहन नहीं हटे शहर से, धूल से जनता परेशान, मंत्री को नहीं रहा ध्यान: लखन देवांगन
भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने आज मुड़ापार वार्ड में किया जनसंपर्क, बोले- परिवर्तन से ही मिलेगी भारी वाहनों के आवागमन से मुक्ति

कोरबा। जनसंपर्क अभियान के तहत आज भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने मुड़ापार वार्ड पहुंचे। जहां आमजन ने उन्हें मुड़ापार बाइपास सड़क पर 24 घंटे भारी वाहनों के आवागमन से हो रही परेशानी से अवगत कराया। इसपर लखन लाल देवांगन ने कहा कि विधायक जयसिंह अग्रवाल ने राजस्व मंत्री की शपथ लेने के बाद बड़े-बड़े दावे किए थे। उनका दावा था कि शहर के बीच से भारी वाहन पूरी तरह से हट जाएंगे। शहर के भीतर के चारों बायपास पर लोगों को भारी वाहन से निजात मिल जाएगी। पांच साल गुजर गए। एक भी बायपास के किनारे रहने वाले लोगों को परेशानी से निजात नहीं मिली। बल्कि भारी वाहनों के आवागमन की वजह से आएदिन शहर के भीतर हादसे हो रहे हैं। बायपास के दोनों ओर रहने वाले लोग धूल से बेहाल हैं। व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतने साल में राजस्व मंत्री ने भारी वाहनों से निजात दिलाने का ऐसा कोई प्रयास नहीं किया है। न तो कभी जनता से पांच साल में पूछने भी आए कि उन्हें क्या परेशानी है? लखन ने कहा कि जब मुड़ापार वार्ड में मंत्री वोट मांगने आएं तब उने मुखर होकर इसकी वजह पूछें। लखन लाल देवांगन ने कहा कि इस बार भाजपा को जिताएं। कांग्रेस के राज में कोरबा शहर का विकास नहीं हो सकता। पूरे शहर ने इसे पांच साल में अच्छी तरह से महसूस किया है। अब समय आ गया है परिवर्तन का।