भट्टी में शराब पीने के बाद सिक्युरटी गार्ड को चढ़ी मस्ती…अपनी बंदूक से चला दी गोली, पुलिस ने चंद घंटे में धरदबोचा
मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में सलोरा से दो नाली हथियार एवं राउंड का खाली खोखा जप्त कर आरोपी सिक्युरटी गार्ड को किया गया गिरफ्तार

कोरबा। शहर के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में स्थित रामनगर शराब भट्टी के पास कल दोपहर बंदूक से हवाई फायरिंग की गई थी। जिससे भट्टी परिसर के आसपास हड़कंप मच गई थी। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल संज्ञान में लेकर मानिकपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू स्टाफ समेत घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने जाँच की तो पता चला कि रामनगर शराब भट्टी में कैश कलेक्ट करने आये टॉप सिक्योरिटी एजेंसी के सिक्योरिटी गार्ड राकेश सिंह पिता पारस नाथ सिंह उम्र 41 वर्ष निवासी बांकीमोंगरा द्वारा शराब के नशे में अपने लाइसेंसी दो नाली हथियार से जबरन हवाई फायर किया गया है।
उक्त जानकारी पर पुलिस अधीक्षक कोरबा जितेन्द्र शुक्ला के दिशा निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का एवं थाना प्रभारी कोतवाली रूपक शर्मा के मार्गदर्शन एवं चौकी प्रभारी मानिकपुर प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हवाई फायरिंग कर भागे उक्त सिक्युरिटी गार्ड की पता तलाश करते हुए चंद घंटे के भीतर सलोरा कटघोरा से हिरासत में लेकर उससे दो नाली हथियार एवं राउंड का खाली खोखा को जप्त किया गया है। मामले में आरोपी के विरुध्द 27 आर्म्स एक्ट एवं 336 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया जायेगा। साथ ही आरोपी का लाइसेन्स निरस्तीकरण की कार्यवाही की जा रही है।