Uncategorized

पत्नी के दूसरे व्यक्ति के साथ भागने से था आक्रोशित, नशे में कुदाली से मारकर कर दी हत्या 

घटना के बाद आरोपी पति ने बोला: परेशान करके रखी थी, पाप का कर दिया अंत अब नहीं है कोई पछतावा

कोरबा। कुछ माह पहले पत्नी के दूसरे व्यक्ति के साथ भागने के बाद से आक्रोशित पति ने रविवार को शराब के नशे में कुदाली से मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद उसने बोला कि उसके कोई पछतावा नहीं है।

दीपका थाना अंतर्गत राजीव नगर झाबर में किराए के मकान में फूलसाय भगत उम्र 40 वर्ष निवासरत है। पेशे से इलेक्ट्रीशियन फूलसाय रविवार को शराब के नशे में घर पहुंचा। जहां पत्नी ग्लोरिया भगत के साथ उसका झगड़ा होने लगा। इस दौरान फूलसाय ने घर में रखे कुदाली से ग्लोरिया पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर जख्म पहुंचने से ग्लोरिया की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फूलसाय भागने की कोशिश में था जिसे सूचना मिलते ही पुलिस ने पकड़ लिया। दीपका थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी के मुताबिक फूलसाय भगत ने शराब के नशे में कुदाली से मारकर पत्नी की हत्या की है। भागने का प्रयास करने के दौरान उसे पकड़ लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।

घटना के दौरान बच्चे खेल रहे थे बाहर 

भगत दंपती के दो बेटी व दो बेटा है। जिसमें सबसे बड़ी बेटी रचना 21 वर्ष बिलासपुर में रहकर काम करती है। वहीं तीन बच्चे क्रमश: अर्पित 18 वर्ष, एकता 16 वर्ष व आयुष 7 वर्ष पिता के पास रहते थे। दोपहर लगभग ढाई बजे घटना हुई तब तीनों बच्चे घर से बाहर खेल रहे थे। जब अर्पित घर पहुंचा तो पिता को कुदाली से मां पर हमला करते देखा तो उसने भागकर अपने दोस्त को जानकारी दी। जिसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। टीम ने पहुंचकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

धमकी देकर रोज करती थी परेशान

आरोपी पति फूलसाय ने हत्या के बारे में पूछने पर कहा कि गत 19 नवंबर को पत्नी ग्लोरिया घर से लापता हो गई थी। तब दीपका थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। वह दूसरे आदमी के साथ घुमते हुए मिली थी। जिसे उसके मायके भेज दिया था। इसके बाद भी वह फिर से आकर साथ रहने लगी थी। उसे वापस जाने के लिए कहने पर वह मरवा देने की धमकी देती थी। रोज की धमकी से परेशान हो गया था। काम करने में भी मुसीबत हो रही थी। इसलिए दारू पिया और उसे मार दिया। घटना के बाद अब कोई पछतावा नहीं है। मैनें पाप का अंत कर दिया।