Uncategorized

कोरबा शहर के सड़कों पर ट्रेलर-मालवाहकों की अवैध पार्किंग, पुलिस ने की कार्रवाई, कई वाहन जब्त

कोरबा। शहर की सड़कों को अवैध पार्किंग अड्डा बनाने वाले भारी वाहन चालकों और ट्रेलर स्वामियों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को स्टेडियम से सीएसईबी चौराहा और सीएसईबी पंचवटी तिराहा मार्ग पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक, ट्रेलर और मालवाहक वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कई वाहनों पर धारा 283 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर कोरबा पुलिस लाइन भिजवाया गया।
पिछले कुछ दिनों से इस मार्ग पर भारी वाहनों के अवैध रूप से खड़े होने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। स्थिति ऐसी बन रही थी कि एम्बुलेंस और छोटी गाड़ियों को भी निकलने में परेशानी हो रही थी, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस, कोतवाली थाना, रामपुर (सिविल लाइन) थाना और सीएसईबी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सड़क किनारे खड़े वाहनों की जांच की। पुलिस की कार्रवाई देखते ही वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई चालक अपने वाहन हटाते नजर आए।
यह अभियान एडिशनल एसपी लखन पटले, नीतीश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाया गया। कार्रवाई में कोतवाली निरीक्षक एमबी पटेल, सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव, सिविल लाइन प्रभारी नवीन पटेल सहित ट्रैफिक पुलिस की टीम शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम से सीएसईबी चौराहा तक का मार्ग व्यस्त सड़क है और यहां सड़क के दोनों ओर किसी भी प्रकार के भारी वाहन खड़े करना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि एक दिन पहले भी ध्यानचंद चौक, जोड़ा नहर पुल और सर्वमंगला चौक के पास इसी तरह अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई थी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *