कोरबा

पूर्व गृहमंत्री जनता के लिए बैठ जाते है सड़क पर…जिला पंचायत सदस्य पुत्र तो सड़क पर पूरे लोट ही गए

विधायक ननकीराम कंवर के पुत्र संदीप कंवर का ड्रामा, नशे में मदमस्त होकर शहर के नया बस स्टैंड में मचाया हंगामा, बस स्टाफ हुए परेशान

कोरबा। जिले समेत प्रदेश में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का अलग ही रुतबा है। जैसा कि अभिनेता अमिताभ बच्चन का एक डायलॉग फेमस है कि “वे जहां खड़े होते हैं लाइन वहीं से शुरू हो जाती है” उसी तर्ज पर ननकीराम कंवर जनता के लिए कही भी सड़क पर बैठ जाते है। इसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच जाती है। शासन-प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का निराकरण किया जाता है। ननकीराम कंवर वर्तमान में रामपुर विधायक हैं जो मुखर भी है। अपनी ही पार्टी के किसी नेता कि गतिविधियां गलत होने पर भी आवाज उठा देते हैं। उनके पुत्र संदीप कंवर जिला पंचायत सदस्य हैं, जिनकी एक वीडियो सोशल मीडिया पर छाई हुई है।

वीडियो से विधायक ननकीराम कंवर की छवि को ठेस पहुंचती नजर आ रही है। वीडियो शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित नया बस स्टैंड की है।

 

शुक्रवार की देर शाम संदीप कंवर बस स्टैंड में नशे में पहुंचे थे। किसी बात को लेकर वे वहां से गुजरने वाले हर बस के सामने पहुंचकर हंगामा कर रहे थे। यहां तक कि वे धरना देने की तरह सड़क पर बैठ जा रहे थे और लोट भी जा रहे थे।

करीब आधे घंटे तक उनका यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने देर तक उन्हें समझाइश दी तो वह वहां से चले गए। बताया जाता है कि संदीप कंवर ने शुक्रवार की दोपहर ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर यातायात पुलिस सहायता केंद्र पहुंचकर चौराहे पर लगी एक संगठन के फ्लेक्स से सिग्नल नहीं दिखने की बात कहते हुए सिपाही को जमकर चमकाया था। सिपाही ने बताया कि नगर निगम की टीम उसे नहीं हटा रही है, तब वह वहां से चलते बने थे।

अब जब विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के लिए उम्मीदवारी की बारी है तो विधायक ननकीराम कंवर के विरोधी अब उनके पुत्र की इस हरकत को भुनाने की कोशिश में जुट गए हैं।