भारत माला परियोजना की निर्माणाधीन सड़क पर हादसा, खाई में गिरी कार, कांग्रेस नेता राहुल राय सहित दो की मौत
कोरबा। भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन सड़क पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन लेन में उतर गई और खाई में गिरते हुए तीन बार पलट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात बालको में एक परिचित की शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ कार में जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक सवार थे।
चारों लोग रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे। कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण उनकी कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। वाहन जैसे ही लेन में गया, संतुलन बिगड़ा और कार खाई में गिरते हुए तीन बार पलट गई।
हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीछे से आ रहे साथियों ने घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में रखवाया गया है। उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन सड़क पर संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की कमी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

