कटघोरा में ओडिशा नवरंगपुर के नेत्रहीन कलाकारों की भजन संध्या बनी आकर्षण का केंद्र, सात कलाकार दे रहे शानदार प्रस्तुति
कटघोरा। नगर के जय देवा गणेश पंडाल के पास नवरंगपुर, ओडिशा से आए सात नेत्रहीन कलाकारों की ‘जीवन नेत्रहीन भजन संध्या’ लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सातों कलाकार भगवान की भक्ति से ओत-प्रोत सुंदर भजनों और गीतों की प्रस्तुति दे रहे हैं।

रविवार को कटघोरा का बाजार होने के कारण नगर में काफी चहल-पहल रही। जय देवा गणेश पंडाल के पास से गुजरने वाले लोग मधुर भजनों की आवाज सुनकर रुकते नजर आए। धीरे-धीरे कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाजार से लौट रहे लोग भी कुछ देर रुककर नेत्रहीन कलाकारों की शानदार भजन प्रस्तुति का आनंद ले रहे हैं।
सातों कलाकारों की संगीत प्रतिभा और भक्ति भाव लोगों को काफी प्रभावित कर रहा है। नेत्रहीन होने के बावजूद कलाकारों द्वारा जिस खूबसूरती से भजनों की प्रस्तुति दी जा रही है, उसे सुनकर लोग उनकी कला की सराहना कर रहे हैं। भजनों की मधुर धुन से जय देवा गणेश पंडाल के आसपास का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

