कोरबा में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 12 वाहन जब्त
कोरबा। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही अभियान में 12 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

खनिज विभाग के उड़नदस्ता दलों ने राताखार, कसरेंगा, बरमपुर, सुराकछार, पाली, कापूबहरा और भिलाई बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से रेत एवं मिट्टी का परिवहन करते हुए 10 ट्रैक्टर और 2 टीपर सहित कुल 12 वाहनों को जब्त किया गया।
जब्त किए गए वाहनों को सिविल लाइन थाना, रामपुर, सर्वमंगला पुलिस चौकी, पाली थाना, हरदीबाजार थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि रोकने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

