सतरेंगा पर्यटन स्थल में अब नहीं चलेगी शराबखाेरी, पुलिस करेगी कड़ी कार्यवाही
सतरेंगा पुलिस सहायता केंद्र में बढ़ाया जाएगा बल, ग्रामीणाें की शिकायत पर एसपी संतोष सिंह ने बनाई व्यवस्था, ग्रामीण करेंगे पुलिस की मदद

काेरबा। देश में तेजी से प्रसिद्ध हाे रहे सतरेंगा पर्यटन स्थल में प्रशासन व पर्यटन विभाग द्वारा सुविधा बढ़ाए जाने के बाद भीड़ बढ़ गई है। ठंड में प्रतिदिन सैकड़ाें लाेग घुमने और पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर युवा वर्ग सतरेंगा में पहुंचकर शराबखाेरी भी कर रहे हैं। ऐसे लाेग नशे में आसपास गांव में हुज्जतबाजी, गाली-गलाैच, महिला और युवतियों से अभद्रता, ग्रामीणाें से मारपीट करते हैं। वहीं शराब पीकर बाेतल काे सड़क या खेत पर फेंककर ताेड़ दिया जाता है। इस वजह से क्षेत्र के ग्रामीण परेशान है। सतरेंगा ग्राम पंचायत के सरपंच धन सिंह कंवर ने इस संबंध में एसपी संताेष सिंह से शिकायत करते हुए सतरेंगा पर्यटन स्थल पर शराबखाेरी पर राेक लगाने की मांग की थी। जिसे एसपी सिंह ने गंभीरता से लिया। उन्हाेंने बालकाे थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर व लेमरू थाना प्रभारी उप निरीक्षक आशीष सिंह काे निगरानी व कार्रवाई करने के लिए कहा है। साथ ही उन्हाेंने सतरेंगा पुलिस सहायता केंद्र में बल बढ़ाने के लिए भी कहा है। पुलिस की निगरानी व कार्यवाही के दाैरान स्थानीय ग्रामीण मदद करेंगे। पुलिस बैनर पोस्टर लगाकर चेतावनी देगी।

पुलिस कार्यवाही से जनसुरक्षा भी बढ़ेगी
अभी सतरेंगा पर्यटन स्थल पर सुरक्षा के लिए लेमरू थाना के अधीनस्थ सतरेंगा पुलिस सहायता केंद्र स्थापित है। जहां पुलिस विभाग का 1-4 का बल तैनात है। जल्द ही बल की बढ़ाेतरी कर दी जाएगी। वहीं क्षेत्र में पेट्राेलिंग भी बढ़ा दी जाएगी। शराब पीने या हंगामा-आतंक मचाने वालाें काे तत्काल पकड़कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इससे पर्यटन स्थल पर जनसुरक्षा बढ़ेगी।
पर्यटकाें की शराबखाेरी के कारण परेशानी
सतरेंगा पंचायत के सरपंच धन सिंह कंवर के मुताबिक सतरेंगा में सुविधाएं बढ़ने के साथ बाहर-बाहर से लाेगाें का आना बढ़ गया है। इससे शराबखाेरी भी बढ़ गई है। शराब पीने के बाद सतरेंगा घुमने पहुंचे लाेग बेवजह ग्रामीणाें से उलझकर गाली-गलाैच व मारपीट करते हैं। महिलाओं से अभद्रता करते हैं। जगह-जगह बाेतल फाेड़ देते हैं। ग्रामीण ज्यादातर नंगे पांव चलते हैं उनके पैर में अक्सर कांच गड़ जाता है। पर्यटकाें के शराबखाेरी से ग्रामीण परेशान है।
पर्यटन स्थल पर शराब पीने पर हाेगी कार्रवाई

एसपी संताेष सिंह के मुताबिक सतरेंगा में पर्यटकाें के शराबखाेरी से ग्रामीणाें के परेशानी की शिकायत पर वहां कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। इसके लिए बल व पेट्राेलिंग बढ़ाया जाएगा। दूसरे पर्यटन स्थल पर भी शराब पीने वालाें पर कार्रवाई की जाएगी।