सुशासन तिहार 2026: मोरगा शिविर में 105 आवेदनों का त्वरित निराकरण, देवलापाठ में वृद्ध महिला को मौके पर मिला राशन कार्ड

कोरबा।सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और सुविधाओं की सहज पहुंच का माध्यम बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत मोरगा में जिला पंचायत सदस्य विद्वान मरकाम की उपस्थिति में शिविर आयोजित किया गया, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में कुल 227 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 105 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर कार्यवाही जारी है। इस दौरान खाद्य विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, पंचायत विभाग द्वारा 20 ग्रामीणों को मनरेगा जॉब कार्ड, कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को केसीसी तथा सहकारी समिति द्वारा 5 हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए। वहीं उद्यान विभाग ने उन्नत किस्म के बीजों का वितरण भी किया।

कार्यक्रम में तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, सीईओ जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा जय प्रकाश डड़सेना सहित जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

इसी तरह जनपद पंचायत करतला अंतर्गत देवलापाठ में आयोजित शिविर में ग्राम कोथारी की वृद्ध महिला लक्ष्मीन बाई को अंत्योदय राशन कार्ड बनाकर मौके पर ही प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि पहले इस कार्य के लिए उन्हें शहर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही उनकी समस्या का समाधान हो गया।
लक्ष्मीन बाई ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के शिविर ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से समय, श्रम और आर्थिक व्यय की बचत के साथ शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।



