Uncategorized

कटघोरा के तानाखार में कंचन ढाबा सील: अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कटघोरा। जिले में संचालित “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तानाखार स्थित नेशनल हाईवे पर संचालित कंचन ढाबा को सील कर दिया। लगातार मिल रही शिकायतों और पूर्व में हुई कार्रवाई के बावजूद अवैध गतिविधियां जारी रहने पर यह सख्त कदम उठाया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही उक्त ढाबे में दबिश देकर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी तथा ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इसके बावजूद ढाबे में अवैध शराब बिक्री और सेवन की गतिविधियां बंद नहीं हुईं, जिसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग के निर्देश पर कटघोरा पुलिस की मौजूदगी में भूमि स्वामी सुरेंद्र सिंह द्वारा ढाबा परिसर में ताला लगाकर विधिवत सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी कटघोरा धर्मनारायण तिवारी ने क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि अवैध शराब बिक्री या सेवन की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गोपाल यादव एवं आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे की विशेष भूमिका रही, जिनकी सक्रियता और सतर्कता से पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *