कोरबा ब्रेकिंग: NH-130 पर भीषण सड़क हादसा, 3 ट्रेलर और कार की टक्कर — बाल-बाल बचे लोग
कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबा–कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर आज सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम गुरसिया-जड़गा मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से स्थिति बेहद भयावह हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर की ओर से आ रहे दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए। इसी दौरान एक ट्रेलर चालक ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की गंभीरता उस वक्त और बढ़ गई जब एक अन्य ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल करने का कार्य जारी है।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की चेतावनी देता है।


