जनगणना 2027: कोरबा में ऑनलाइन स्व-गणना की शुरुआत, कलेक्टर ने किया शुभारंभ
कोरबा।देश की प्रगति और भविष्य की सटीक योजना निर्माण के लिए महत्वपूर्ण जनगणना 2027 का जिले में औपचारिक शुभारंभ हो गया है। कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर ऑनलाइन स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया की शुरुआत की। उन्होंने इसे आधुनिक, पारदर्शी और सुगम व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कलेक्टर ने जानकारी दी कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक आम नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, सुलभ और समयबद्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन को यह समझने में मदद करते हैं कि किस क्षेत्र में किस प्रकार की सुविधाओं की आवश्यकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सेवाओं की बेहतर योजना और क्रियान्वयन में जनगणना की अहम भूमिका होती है। सही और सटीक जानकारी मिलने से विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करना आसान होता है और संसाधनों का संतुलित उपयोग संभव हो पाता है।
कलेक्टर श्री दुदावत ने बताया कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य करेंगे। 30 मई तक चलने वाले इस चरण में आवासीय और गैर-आवासीय भवनों की स्थिति, उपयोग तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार जैसी सुविधाओं की जानकारी एकत्र की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय और नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
अंत में कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस महत्त्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ऑनलाइन स्व-गणना में शामिल हों और प्रगणकों को सही, स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जिले के विकास की सटीक दिशा तय की जा सके।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी मोहन सिंह कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


