कोरबा के बेलाकछार जंगल में दो युवकों के शव पेड़ पर लटके मिले, इलाके में सनसनी
कोरबा। जिले के बाल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो युवकों के शव संदिग्ध हालत में पेड़ पर लटके हुए मिले। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (पिता– राजेंद्र कंवर) और अमित माथुर (पिता– दीपक माथुर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने जब जंगल के भीतर पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



