Uncategorized

कोरबा प्रेस क्लब स्थापना दिवस पर भव्य संगोष्ठी, 50 वर्षों की पत्रकारिता पर मंथन; उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया सम्मान

वरिष्ठ पत्रकारों ने साझा किए अनुभव, निष्पक्षता-निर्भीकता को बताया पत्रकारिता का मूलमंत्र; डिजिटल युग की चुनौतियों पर भी हुई चर्चा

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार 31 मार्च 2026 को तिलक भवन में भव्य संगोष्ठी समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता के विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव और विचार साझा किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे छत्तीसगढ़ के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम व आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने वरिष्ठ पत्रकारों को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात कोरबा प्रेस क्लब के पूर्व संरक्षक प्रेमचंद जैन ने क्लब के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए पांच दशक पूर्व की पत्रकारिता को याद किया। उन्होंने बताया कि पहले अधिकारियों के साथ संबंध मधुर होते थे, लेकिन खबरों में निष्पक्षता से कभी समझौता नहीं किया जाता था। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का शासन से “36 का आंकड़ा” होना चाहिए, किंतु वर्तमान में “गोदी मीडिया” जैसे शब्दों का प्रचलन पत्रकारिता के लिए चिंता का विषय है।

पूर्व अध्यक्ष किशोर शर्मा ने अपने 50 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता में व्यवसायिकता के प्रवेश के बाद दृष्टिकोण में बड़ा बदलाव आया है। पहले जिन मुद्दों को गंभीरता से लिया जाता था, अब उन पर ध्यान कम हो गया है। उन्होंने सार्वजनिक उपक्रमों के दौर और कठिन परिस्थितियों में भी उसूलों से समझौता न करने की बात कही।

कोरबा प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य विश्वनाथ केडिया ने कोरबा के विकास में पत्रकारों की भूमिका और अपने 50 वर्षों के अनुभव साझा किए। पूर्व अध्यक्ष छेदीलाल अग्रवाल ने प्रेस क्लब के पंजीयन, स्थापना और पुराने समय की पत्रकारिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र पालीवाल एवं विजय खेत्रपाल ने भी पुराने और वर्तमान पत्रकारिता के दौर की तुलना करते हुए अपने विचार रखे। पूर्व अध्यक्ष नौशाद खान ने पत्रकारों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि वर्तमान में पत्रकारिता कैसे की जानी चाहिए और खबरों का महत्व क्या है।
दैनिक भास्कर के क्लस्टर एडिटर अमित पुरोहित ने डिजिटल एवं न्यू मीडिया के दौर में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, उद्योग और चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत से लेकर सफलता तक के सफर को साझा करते हुए युवा पत्रकारों को मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने की सीख दी।
कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक मनोज शर्मा ने औद्योगिक जिला कोरबा में पत्रकारिता की चुनौतियों पर प्रकाश डाला, वहीं महिला पत्रकार राजश्री गुप्ते ने भी पत्रकारिता के तौर-तरीकों और जिम्मेदारियों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत सहित अन्य अतिथियों ने मंच से वरिष्ठ पत्रकारों का साल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया।


तिलक भवन में विकास कार्यों का लोकार्पण व बाउंड्रीवाल का भूमिपूजन
तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने पार्षद पंकज देवांगन के पार्षद मद से स्थापित एलईडी प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी, साउंड सिस्टम एवं स्क्रीन का लोकार्पण किया। साथ ही नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 35 खरमोरा, डाईट बिल्डिंग तिलक नगर पत्रकार कॉलोनी के समीप एनटीपीसी के सीएसआर मद से 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल का वर्चुअल भूमिपूजन भी उनके हाथों सम्पन्न हुआ।
अपने संबोधन में मंत्री देवांगन ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो सच का आईना दिखाते हैं। उन्होंने निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्भीकता को पत्रकारिता का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि मीडिया में जो दिखता और छपता है, आमजन उसे सत्य मानता है, इसलिए पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
उन्होंने प्रेस क्लब कोरबा को एक ऊर्जावान संस्था बताते हुए कहा कि यह संस्था पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि जब वे महापौर थे, उसी समय प्रेस क्लब का निर्माण हुआ था और तब से लेकर अब तक नगर निगम द्वारा इसके विकास में लगातार सहयोग दिया जा रहा है।
उन्होंने अपने उद्बोधन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में उन योजनाओं को पुनः प्रारंभ किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर सरकार कार्य कर रही है और समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने पत्रकारों से मिले स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी सहयोग की अपेक्षा जताई।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *