Uncategorized

गरबा डांडिया मैदान में चाकू मारकर पार्षद के भतीजे की हत्या

बाल्को नगर के सेक्टर-3 के गरबा डांडिया मैदान की घटना, युवाओं के दो पक्षों में झड़प के बाद हुई वारदात

कोरबा। बाल्को नगर में नवरात्रि के महानवमी की रात सेक्टर-3 के गरबा-डांडिया मैदान में जमकर भीड़ थी। रात करीब 11 बजे युवाओं के दो गुट में झड़प हो गई। एक गुट भदरापारा-परसाभाठा और दूसरा गुट बेलाकछार का था। विवाद के दौरान बेलाकछार के युवकों ने परसाभाटा वार्ड की महिला पार्षद गीता किरण के भतीजे अमित किरण पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान गरबा-डांडिया मैदान में अफरा-तफरी मच गई। हमला करने वाले युवक वहां से भाग निकले घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाल्को थाना प्रभारी विजय चेलक के मुताबिक मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। बताया जाता है कि युवाओं के गुट के बीच पूर्व में विवाद हो चुका था, इसे लेकर रंजिशवश बेलाकछार के युवक मंगलवार की रात चाकू लेकर पहुंचे थे और उन्होंने अमित किरण पर हमला कर दिया। अमित के पिता सुरेश किरण का परसाभाठा में घड़ी दुकान है तो बड़े पिता सरवन किरण भी पूर्व में परसाभाठा के पार्षद थे। वर्तमान में चाचा बद्री किरण कांग्रेस नेता है।