गौमुखी सेवा धाम देवपहरी में चैत्र नवरात्रि की तैयारियों को लेकर बैठक, 40 गांवों की भागीदारी से भव्य आयोजन का संकल्प

कोरबा। जिले के सुदूर वनांचल एवं दूरस्थ पिछड़े क्षेत्र में स्थित गौमुखी सेवा धाम देवपहरी में शनिवार 8 मार्च को मां गौमुखी सिद्धिदात्री के पावन प्रांगण में चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। दोपहर में आयोजित इस बैठक में आसपास के गांवों के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर नवरात्रि पर्व को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।

गौमुखी सेवा धाम क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आगमन होता रहता है। विशेष रूप से चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता की पूजा-अर्चना करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष नवरात्रि से पूर्व बैठक आयोजित कर आवश्यक तैयारियों की रूपरेखा तय की जाती है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के दौरान नवरात्रि के नौ दिनों तक होने वाले धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन, मंदिर परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के लिए जल व प्रसाद वितरण, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित ग्रामीणों ने अपने-अपने सुझाव रखते हुए निर्णय लिया कि सभी गांवों के लोग मिलकर इस पावन पर्व को भक्ति, श्रद्धा और अनुशासन के साथ मनाएंगे।
गौमुखी सेवा धाम समिति की ओर से बताया गया कि इस बैठक के लिए आसपास के लगभग 40 गांवों के प्रमुख व्यक्तियों को लिखित पत्र के माध्यम से आमंत्रित किया गया था, ताकि आयोजन में सभी गांवों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। कुछ लोग पारिवारिक कार्यक्रमों के कारण उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने आयोजन में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नवरात्रि का पर्व माता शक्ति की आराधना के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। ऐसे धार्मिक आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने और नई पीढ़ी को धर्म व संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि नवरात्रि के दिनों में मंदिर परिसर की विशेष सजावट की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही आसपास के गांवों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील भी की जाएगी।
बैठक में पूर्व सरपंच धन सिंह कंवर, हरी यादव, अनार सिंह, सत्यनारायण कंवर (पूर्व एकल कार्यकर्ता), धर्म सेना गढ़ उपरोड़ा के राजाराम राठिया, छतर पाल, रामू विश्वकर्मा, मान सिंह, बलराम यादव, गोपाल देवांगन, सूरज यादव, धनीराम पंडो, शीला मंझवार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी ने मां गौमुखी सिद्धिदात्री से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने का संकल्प लिया।

