Uncategorized

एसपी विजय कुमार पाण्डेय की पहल: नवागढ़ के ग्राम अमोरा में 50 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन, टोपी-सीटी वितरित


जांजगीर-चाम्पा। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने और महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप की उपस्थिति में थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम अमोरा (महंत) में 50 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया तथा उन्हें पहचान के लिए टोपी और सीटी का वितरण किया गया।

सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ग्राम अमोरा पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों एवं महिलाओं के साथ संवाद कर उन्हें समाज में सुरक्षा और जागरूकता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान गांव की सक्रिय महिलाओं को शामिल कर महिला कमांडो टीम बनाई गई। इस टीम का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला कमांडो टीम को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीम गांव में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी, आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देगी तथा समाज में अपराध और नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का कार्य भी करेगी।

महिला कमांडो टीम की पहचान और कार्य में सहयोग के लिए उन्हें टोपी और सीटी वितरित की गईं, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोगों के बीच आसानी से पहचानी जा सकें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने भी महिला कमांडो टीम के गठन की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस विभाग को सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ सहित थाना स्टाफ भी मौजूद रहा।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *