Uncategorized

पीएम श्री विद्यालय करतला का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, आदर्श विद्यालय बनाने के दिए निर्देश, छात्र-छात्राओं से हुए रूबरू

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय करतला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय को पीएम श्री योजना के मानकों के अनुरूप सर्वसुविधायुक्त एवं आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों, कंप्यूटर कक्ष, प्रायोगिक प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा खगोल प्रयोगशाला का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर असंतोष व्यक्त करते हुए तीन दिनों के भीतर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर छात्र-छात्राओं से रूबरू हुए और उनसे उनकी पढ़ाई, विद्यालयीन सुविधाओं तथा आने वाली परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त होकर नियमित अध्ययन करने और पूरी लगन से परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर शिक्षा तथा खेल गतिविधियों की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाएं, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर में पड़े टूटे हुए फर्नीचर की मरम्मत कर उसे उपयोग में लाया जाए तथा जो फर्नीचर उपयोग योग्य न हो उसे नियमानुसार कबाड़ विक्रेता को विक्रय कर प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालय हित में किया जाए।निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक कर शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन तथा आधारभूत सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, ई-आरईएस अशोक कुमार जोगी,सीईओ जनपद पंचायत करतला वैभव कौशिक, एसडीओ एवं सब इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *