कृषि विज्ञान केंद्र कटघोरा में वेबिनार, प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ किसानों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
कोरबा।कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) कटघोरा में शुक्रवार को ‘कृषि और ग्रामीण परिवर्तन’ विषय पर आयोजित पोस्ट-बजट वेबिनार का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को केंद्र सरकार के बजट में कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। वेबिनार का प्रसारण सुबह 11:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया गया, जिसमें क्षेत्र के प्रगतिशील किसान और महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय सहभागिता रही।

वेबिनार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कृषि क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते उपयोग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बजट में किए गए महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार आने वाले समय में किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र कटघोरा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. एस.पी. सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बजट की नई नीतियों का लाभ तभी मिलेगा जब किसान इन योजनाओं और तकनीकों के प्रति जागरूक होकर उन्हें अपनाएंगे। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने भी किसानों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। मत्स्य विज्ञान विशेषज्ञ श्रीमती सुलोचना भुइयां ने मछली पालन और नील क्रांति की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। मृदा वैज्ञानिक डी.के. तँवर ने मिट्टी परीक्षण और संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व की जानकारी दी। कीट वैज्ञानिक श्री एम.एस. उर्रे ने फसलों को कीट एवं रोगों से बचाने के वैज्ञानिक उपाय बताए, वहीं उद्यानिकी विशेषज्ञ श्रीमती अर्चना कुर्रे ने किसानों को फल एवं सब्जियों की उच्च मूल्य वाली खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।


