Uncategorized

डिजिटल जनगणना 2027: उद्योग मंत्री व महापौर ने मोबाइल से भरा स्व-गणना पत्रक, 30 अप्रैल तक आमजन से अपील

कोरबा।जनगणना-2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना अभियान को गति देते हुए प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने-अपने निवास पर मोबाइल के माध्यम से डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरकर नागरिकों को प्रेरित किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने अपील की है कि सभी नागरिक 30 अप्रैल 2026 तक अपने मोबाइल में स्व-गणना पत्रक अवश्य भर लें।
उन्होंने बताया कि 01 मई से शासन द्वारा नियुक्त व प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, जहां वे नागरिकों द्वारा भरे गए स्व-गणना पत्रक का परीक्षण (वेरिफिकेशन) करेंगे तथा मकान सूचीकरण और अन्य विवरण दर्ज करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, जनगणना-2027 के प्रथम चरण में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिक स्वयं डिजिटल माध्यम से स्व-गणना पत्रक भर रहे हैं। इसके बाद 01 मई से 30 मई 2026 तक प्रगणक द्वारा घर-घर जाकर मकानों की गणना और विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी।
इसी क्रम में मंत्री श्री देवांगन ने कोहड़िया स्थित अपने निवास पर और महापौर श्रीमती राजपूत ने राताखार बस्ती स्थित अपने निवास में डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरते हुए सभी प्रश्नों के सही उत्तर दर्ज किए। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। डिजिटल स्व-गणना की सुविधा से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व सटीक बनेगी।
33 बिंदुओं पर ली जाएगी जानकारी
डिजिटल जनगणना के तहत 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र कर सेंसस पोर्टल में दर्ज की जाएगी। इनमें भवन एवं मकान नंबर, फर्श, दीवार व छत की सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम व लिंग, अनुसूचित जाति/जनजाति की जानकारी, कमरों की संख्या, विवाहित दंपतियों की संख्या, पेयजल व बिजली का स्रोत, शौचालय व स्नानघर की उपलब्धता, रसोई, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने का ईंधन, तथा रेडियो, टीवी, इंटरनेट, कंप्यूटर, मोबाइल फोन, साइकिल, दोपहिया व चारपहिया वाहनों जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरकर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग दें।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *