कोरबा: कुदमुरा धान उपार्जन केंद्र में हाथी का हमला, प्रभारी की मौत
कोरबा। जिले के कुदमुरा धान उपार्जन केंद्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। होली के दिन अचानक एक जंगली हाथी धान उपार्जन केंद्र में घुस आया और वहां रखे धान को खाने लगा। इसी दौरान हाथी ने केंद्र प्रभारी राजेश सिंह पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक राजेश सिंह रजगामार निवासी थे और धान का उठाव नहीं होने के कारण होली के दिन भी अपनी पत्नी के साथ केंद्र में रखे धान की रखवाली कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी अचानक परिसर में पहुंचा और धान खाने लगा। जब स्थिति संभालने की कोशिश की गई, तभी हाथी ने हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों में सतर्कता बरतने और अकेले खेत-खलिहान या उपार्जन केंद्रों में न जाने की अपील की गई है।


