पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के 18 ग्राम पंचायतों के 25 किसानों को पशुपालन विभाग द्वार रंगीन चूजों व दाना का वितरण…
कोरबा। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के पशुपालन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कुक्कुट पालन को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से 18 ग्राम पंचायतों के 25 किसानों को 45-45 रंगीन चूजों का वितरण किया गया। इसके साथ ही सभी लाभार्थी किसानों को 10-10 किलो चूजा दाना भी प्रदान किया गया, ताकि शुरुआती दिनों में चूजों के पालन-पोषण में किसानों को सुविधा मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान विभाग के अधिकारियों ने किसानों को चूजों के पालन-पोषण, उचित देखभाल, साफ-सफाई, संतुलित आहार तथा बीमारियों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कुक्कुट पालन कम लागत में अच्छी आय देने वाला व्यवसाय है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है।
इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार सिंह, एस.के. किड्डो (पशु चिकित्सक), डॉ इंद्र पटेल क्षेत्राधिकारी कनिकराम कौशिक, प्रशांत भारती, कृपाल कुमार एवं अजय सहित पशुपालन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सरपंच सहेतर सिंह राज और पौड़ी उपरोड़ा विधायक प्रतिनिधि सुरेश सिंह पोर्ते की भी विशेष उपस्थिति रही।
किसानों ने पशुपालन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें कुक्कुट पालन के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने का अच्छा अवसर मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।


