मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ड्यूटी पर सोते पकड़े गए 2 गार्ड, मुखबिरी के शक में तीसरे को पीटा
4-5 बाहर पहले नाइट ड्यूटी में पकड़ा चुके है सोते हुए, मामला पहुंच गया था पुलिस चौकी, आपसी सुलह से निपट गया मामला

कोरबा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रात्रि कालीन ड्यूटी के दौरान डॉक्टर द्वारा महिला मरीज को थप्पड़ मारने की घटना के बाद प्रबंधन ने रात में सरप्राइज चेकिंग की व्यवस्था शुरू की है। इसके लिए जहां विशेष डॉक्टर की टीम लगाई गई है, वही सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही निजी सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है। इसके तहत गुरुवार-शुक्रवार की रात सुरक्षा एजेंसी के सुपरवाइजर गोविंद नायक ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डो के मुस्तैदी की निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें कैजुअल्टी के पास 2 गार्ड सोते हुए मिले, वे पहले भी चार-पांच बार सोते हुए पकड़े जा चुके थे, इसलिए सुपरवाइजर ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। नौकरी से निकाल देने की बात भी कही। सुपरवाइजर के जाते ही सुबह करीब 5:30 बजे अस्पताल के सामने वे दोनों गार्ड रात में उनके साथ तैनात एक अन्य गार्ड पर मुखबिरी का शक करते हुए झगड़ा करने लगे। उन्होंने उसे पीट भी दिया। मामला रामपुर चौकी पहुंच गया। जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे खिलाफ शिकायत करने गए थे। सुपरवाइजर गोविंदा को जब इसका पता चला तो वह भी चौकी पहुंचे, जहां सुरक्षा गार्डो को समझाइश देकर उनके बीच आपसी समझौता करा लिया गया।
मामूली झड़प, लापरवाह गार्डो को निकालेंगे काम से
एजेंसी के सुपरवाइजर गोविंद नायक के मुताबिक अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किए गए गार्डो को पूरी तरह मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने को कहा गया है। इसके बाद भी रात्रिकालीन ड्यूटी पर कुछ गार्ड सो जाते है। गुरुवार-शुक्रवार की रात दो गार्ड ऐसे ही सोते मिले। उन्होंने सूचना देने की सोचकर तीसरे गार्ड से विवाद किया, उनके बीच मामूली झड़प हुई है।
लेकिन लापरवाह दोनों गार्ड को काम से निकाला जाएगा।
