कोरबा पावर लिमिटेड (अडानी) के विस्तार पर लोक सुनवाई की तैयारी पूरी, थोड़ी देर बाद 11 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया

कोरबा। अडानी के मैसर्स कोरबा पावर लिमिटेड की प्रस्तावित विस्तार परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति हेतु लोक सुनवाई आज 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को आयोजित की जा रही है। जनसुनवाई प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगी।

यह लोक सुनवाई शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान, ग्राम सरगबुदिया, तहसील बरपाली, विकासखंड करतला, जिला कोरबा में आयोजित की जाएगी।
कंपनी द्वारा वर्तमान संयंत्र परिसर में स्थापित 2×300 मेगावाट (चरण–I, संचालन) एवं 2×660 मेगावाट (चरण–II, निर्माणाधीन) इकाइयों के साथ 2×800 मेगावाट (चरण–III, कुल 1600 मेगावाट अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट) जोड़कर विस्तार का प्रस्ताव है।
इस परियोजना से प्रभावित ग्रामों में सरगबुदिया, दनदनी, खोड़डल, पहंदा एवं पताड़ी शामिल हैं। संबंधित ग्रामों के नागरिकों से लोक सुनवाई में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में सभी पक्षों की बात सुनी जाएगी तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


