शहर हुआ भाजपामय…स्वागत के बहाने संभावित उम्मीदवारों ने दिखाया दमखम, सभी दिखे एक मंच पर
0 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव पहुंचे कोरबा प्रवास पर, माहामाला पहनाया गया, कहीं करमा नाचा तो कहीं धान तौलकर किया गया स्वागत-अभिनंदन

भारतीय जनता पार्टी के आलाकमान ने छत्तीसगढ़ राज्य में भारतीय जनता पार्टी की कमान अरुण साहू को सौंपी है। मिशन-2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी एड़ी चोटी का जोर लगाने लगी है। वही नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव राज्य के दौरे पर निकल पड़े हैं। इस कड़ी में शनिवार को वे अपने एक दिवसीय प्रवास पर कोरबा पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। रास्तेभर उनका स्वागत होता रहा। टांसपोर्ट नगर चौक पर जिला भाजपा द्वारा महामाला पहनया गया। साथ ही तराजू पर धान से तौला गया। इस तरह स्वागत के बहाने भाजपा नेताओं ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में अपना दमखम दिखाया। वहीं दूसरी ओर मिशन-2023 के लिए टिकट की दावेदारी करने वाले नेताओं के कार्यकर्ताओ ने भी स्वागत के बहाने जमकर पसीना बहाते हुए नारेबाजी की।

शहर के टीपी नगर सीएसईबी चौक सहित अन्य स्थानों में फ्लेक्स, बैनर व पोस्टर नजर आ रहे थे तो वहीं दूसरी ओर जगह-जगह अरुण साव जिंदाबाद के नारे लग रहे थे, जिससे ऐसा लग रहा था मानो पूरा शहर भाजपा के रंग में रंग गया है। सुबह से देर शाम तक स्वागत व जिंदाबाद के नारे लगते रहे।

जिले में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू का भव्य स्वागत ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर किया गया। जहां भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जागेश लांबा, भाजपा जिला महामंत्री नवीन पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, सुशील गर्ग, सतीश झा, पवन सिन्हा, भुनेश्वर तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रवास के दौरान अरुण साव ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओ से मुलाकात की है।