Uncategorized

गनियारी में हत्याकांड का खुलासा, संदेही ही निकला आरोपी, पत्नी के साथ पड़ोसी को देखकर हुआ क्रोधित, डंडे से पीट-पीटकर कर दी हत्या

कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में हुई नंदकुमार पटेल की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस प्रकरण में हिरासत में लिया गया संदेही जयशंकर पूछताछ के दौरान आरोपी निकला। आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना की रात जयशंकर ने नंदकुमार पटेल को आपत्तिजनक एवं संदिग्ध स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुस्से में आकर जयशंकर ने नंदकुमार पटेल पर मोटे डंडे से हमला कर दिया।

हमले से जान बचाने के लिए नंदकुमार पटेल मौके से भागा, लेकिन आरोपी ने पीछा करते हुए बाड़ी में भी उसे डंडे से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटें लगने के कारण नंदकुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सुबह नंदकुमार पटेल का रक्तरंजित शव बाड़ी के पास आंगन में मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम व साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की गई। ट्रैकर डॉग आरोपी के घर तक पहुंचा, जिसके बाद जयशंकर को हिरासत में लिया गया।

कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी जयशंकर की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटा डंडा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *