Uncategorized

कोरबा को गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दिलाने जुटेंगे पार्षद और नागरिक, 6 फरवरी को ऐतिहासिक आयोजन

महापौर संजू देवी राजपूत ने पार्षदों की बैठक लेकर की तैयारी की समीक्षा
सबकी सक्रिय सहभागिता का किया आव्हान

06 फरवरी को सुबह 10 बजे घंटाघर में जुटेगा कोरबा
स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर कर गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल करने का लक्ष्य

कोरबा। कोरबा को गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दिलाने के महासमर में नगर पालिक निगम कोरबा के पार्षद अपने-अपने वार्ड के नागरिकों के साथ सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए महापौर संजू देवी राजपूत ने निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई और सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने का आग्रह किया गया। पार्षदों ने करतल ध्वनि से आयोजन का स्वागत करते हुए कोरबा को गौरव दिलाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
महासंकल्प 2026 के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 06 फरवरी को सुबह 10 बजे घंटाघर से रविशंकर शुक्ल नगर मुख्य मार्ग पर वृहद आयोजन किया जाएगा। इसमें एक ही बैनर पर 10 हजार से अधिक नागरिकों से स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर कराए जाएंगे, ताकि पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए कोरबा के नाम नया गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो सके।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा और यहां के नागरिक हर कठिन लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम हैं। उन्होंने सभी पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील की कि वे आयोजन स्थल पर पहुंचकर स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर करें और इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनें।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि महासंकल्प 2026 का यह पहला बड़ा आयोजन है और कोरबावासियों की सामूहिक संकल्प शक्ति से यह लक्ष्य अवश्य हासिल किया जाएगा।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने इसे कोरबा के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि नगर निगम का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है और सभी को मिलकर इसे सफल बनाना होगा।
आयोजन के तहत 280 मीटर लंबा बैनर लगाया जाएगा, जिसे 14 जोन और 70 सेक्टर में विभाजित किया गया है। अलग-अलग विभागों, संस्थाओं और संगठनों के लिए सेक्टर निर्धारित किए गए हैं ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
इस ऐतिहासिक अभियान में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन, महिला समूह, सफाईमित्र और आम नागरिक मिलकर कोरबा को स्वच्छता और संकल्प का विश्व रिकॉर्ड दिलाने जा रहे हैं।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *