Uncategorized

भक्ति और संस्कृति का संगम: पाली महोत्सव का भव्य समापन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति में पाली महोत्सव सम्पन्न

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में पाली में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का भव्य समापन हुआ। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक वैभव और जनउत्साह से परिपूर्ण यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत परिचय रहा।

मंत्री देवांगन ने समापन अवसर पर सभी क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी

और कहा कि पाली महोत्सव कोरबा की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाई दे रहा है। उन्होंने महोत्सव के दौरान पाली शिव मंदिर घाट में आयोजित शिव आरती, गंगा आरती, श्रीराम आरती एवं दीपोत्सव का स्मरण किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
संगठन और प्रशासन की सराहना करते हुए मंत्री ने विकास योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पाली के शिव मंदिर से कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण और मुख्य मार्ग से डुमरकछार शिव मंदिर तक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी, जिससे क्षेत्र में सुगम आवागमन और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।

समारोह में सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत ने कहा कि

महाशिवरात्रि केवल पर्व नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर दिशा देने का संदेश है। उन्होंने आमजनों से पाली महोत्सव में आयोजित बॉलीवुड, छालीवुड और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने का आग्रह किया।

पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने कहा कि

पाली देवाधिदेव भगवान शिव और मां महिषासुर मर्दिनी की नगरी है, जो ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक जोड़ते हैं।

समापन समारोह में गिरजा सत्यनारायण पैकरा, केराझरिया सरपंच ने कहा कि

महोत्सव में कलाकारों की प्रस्तुतियाँ अत्यंत सुंदर और मनमोहक रही। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को बेहतरीन ढंग से सुनिश्चित किया, जिससे कार्यक्रम न केवल सुचारु रूप से सम्पन्न हुआ, बल्कि उपस्थित जनसमूह ने हर प्रस्तुति का आनंद पूरे उत्साह और भक्ति के साथ लिया। सरपंच ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखते हैं और सामाजिक उत्साह और एकता को बढ़ावा देते हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि

पाली के प्राचीन शिव मंदिर की गरिमा और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से स्थानीय परंपराओं, कला और संस्कृति को एक सशक्त मंच प्रदान किया गया।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, पूर्व विधायकगण पुरुषोत्तम कंवर और मोहित राम केरकेट्टा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत निकिता मुकेश जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत अजय जायसवाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम पाली रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं भारी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और महोत्सव की सफलता पर प्रशंसा व्यक्त की।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *