कोरबा के बरेड़ीमुड़ा में हृदय दहला देने वाली घटना: 2 साल के मासूम का शव गोबर गैस चेंबर में मिला
कोरबा। जिले के कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेड़ीमुड़ा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर से लापता 2 वर्षीय मासूम बालक का शव मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर से बरामद किया गया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बरेड़ीमुड़ा निवासी लक्ष्मी नारायण कंवर और उनकी पत्नी मजदूरी के सिलसिले में तमिलनाडु गए हुए हैं। उनका लगभग दो वर्षीय पुत्र गांव में अपने दादा प्रमोद कंवर और बुआ रिंकी के साथ रह रहा था।
बताया जा रहा है कि सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे तक बच्चा घर के आसपास खेल रहा था। उसी दौरान बुआ घरेलू काम में व्यस्त थी और दादा बाड़ी में नहाने गए थे। जब दादा नहाकर लौटे और पोते को खाना खिलाने के लिए आवाज दी, तो वह कहीं नजर नहीं आया।
इसके बाद घर और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की गई। ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। अंततः परिजनों ने दर्री थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। पूरी रात परिजन और ग्रामीण बच्चे की तलाश में जुटे रहे।
मंगलवार सुबह आशंका के चलते परिजन घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर के पास पहुंचे। अंदर झांकने पर बालक दिखाई दिया। तत्काल उसे बाहर निकाला गया, लेकिन संकरे चेंबर में गिरकर फंसे मासूम की सांस थम चुकी थी।
मृत पोते को गोद में उठाए दादा बिलखते रहे, वहीं बुआ का भी रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना बच्चे के माता-पिता को दे दी गई है, जो तमिलनाडु से कोरबा लौट रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर इसे हादसा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया है। गांव में इस दुखद घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।

