Uncategorized

पाली–चैतुरगढ़ थंडर राइड: नेशनल लेवल के खिलाड़ियों के बीच पांचवां स्थान,कटघोरा के राम पटेल की मेहनत रंग लाई

कोरबा। पाली महोत्सव–2026 के तहत आयोजित पाली–चैतुरगढ़ थंडर राइड 2026 साइकिल रेस कल उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुई। पाली से शुरू होकर ऐतिहासिक चैतुरगढ़ किला तक आयोजित इस रेस में महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों से नेशनल लेवल के खिलाड़ी शामिल हुए।

प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि चौथा स्थान रायगढ़ के खिलाड़ी को मिला। इस बीच कटघोरा कासनियां निवासी 12वीं कक्षा हाई स्कूल कटघोरा के छात्र राम पटेल ने उधारी साइकिल पर भाग लेकर पांचवां स्थान प्राप्त किया और जिले का नाम रोशन किया।

राम के कोच गौतम दुबे ने बताया कि राम बेहद मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा, “राम ने मेरे साइकिल पर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। अगर उसके पास अपनी साइकिल होती और वह रोज अभ्यास कर पाता, तो शायद पहला स्थान भी हासिल कर सकता था।”

राम के परिवार और सभी कोच खेल विभाग से आग्रह कर रहे हैं कि राम पटेल को स्थायी साइकिल प्रदान की जाए, ताकि वह नियमित अभ्यास कर और बेहतर प्रदर्शन कर सके। किसान परिवार से आने वाले राम ने यह साबित किया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

स्थानीय समाज और खेल विभाग ने उनकी मेहनत की सराहना की और यह सुनिश्चित करने की जरूरत जताई कि ऐसे प्रतिभाशाली युवा को सही संसाधन मिलें, ताकि भविष्य में पहला स्थान हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *