जिल्गा में हाथी को ट्रैक्टर से खदेड़ने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए; पहले जब्त हो चुका था ट्रैक्टर
कोरबा।जिल्गा गांव में हाथी को ट्रैक्टर से खदेड़कर परेशान करने के मामले में वन विभाग ने तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। इस मामले में विभाग पहले ही घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को जब्त कर चुका था।
मामला कोरबा वनमंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा गांव का है। यहां कुछ ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया था। इस दौरान हाथी के पीछे ट्रैक्टर दौड़ाने का वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में वन्यप्राणी को परेशान किए जाने का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई शुरू की।
जांच के बाद वन विभाग ने घटना में शामिल तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार किया। इसके बाद तीनों को न्यायिक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि वन विभाग की टीम इस मामले में पहले ही घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को जब्त कर चुकी थी।
वन विभाग की इस कार्रवाई से वन्यप्राणियों के साथ छेड़छाड़ करने वालों को कड़ा संदेश मिला है। हाथियों के विचरण क्षेत्र में उन्हें खदेड़ने या उकसाने का प्रयास न केवल वन्यजीवों के लिए परेशानी का कारण बनता है, बल्कि ग्रामीणों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।






