Uncategorized

सुशासन में गजब जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारी…पशु ढोने वाले काऊ कैचर वाहन में माननीयों के कट आउट की ढुलाई

राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, श्रम मंत्री और अन्य नेताओं के कट आउट लगाने किया गया था परिवहन

News by: हरेंद्र डिक्सेना, जिला ब्यूरो चीफ, जयवीरू न्यूज

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और अन्य नेताओं के कट आउट को पहुंचाने के लिए सम्मान के साथ वाहनों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। लेकिन सुशासन के दौर में नगर निगम के अधिकारी भी गजब हो गए हैं जिन्होंने पशु ढोने वाले काऊ कैचर वाहन में ही कट आउट की ढुलाई करवा दी। माननीयों के कट आऊट के साथ ऐसी दुर्दशा की किसी ने मोबाइल से वीडियो बना ली जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जानकारी होते ही नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद नगर निगम के तीन अधिकारियों को नोटिस जारी करके 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सूत्रों के मुताबिक इन अधिकारियों में एक उप अभियंता जिन्हें राज्योत्सव स्थल पर होर्डिंग लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी, दूसरे उप अभियंता वाहन शाखा में पदस्थ है और तीसरे स्वच्छता निरीक्षक है जिनके जिम्मे काऊ कैचर वाहन है।

दूसरी बार अधिकारियों ने बरती लापरवाही

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शहर के घंटाघर ओपन थिएटर में आज से 4 नवंबर तक होने वाले राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित है। जहां प्रदेश के प्रमुख मंत्रियों व अन्य नेताओं के कट आउट को लगाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान, इन कट आउट्स को पशु ढाेने वाले काऊ कैचर वाहन में वहां ले जाया गया। शहर में इस तरह से यह घटना दूसरी बार हुई है। इससे पहले 11 सितंबर 2025 को भी ऐसी ही लापरवाही की गई थी, तब चेतावनी दी गई थी। कोरबा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इस कृत्य को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही तथा छग सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन माना है। महापौर संजू देवी राजपूत ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री सहित कैबिनेट मंत्रियों व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह की घोर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *