Uncategorized

काली मंदिर से दान की रकम और गहनों की चोरी कर भाग रहा था आरोपी, सिक्योरिटी टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान पकड़ा

आरोपी बालको प्लांट में ठेका कंपनी में करता है काम, ढाई लाख का माल बरामद

कोरबा। बालकोनगर के काली मंदिर में आधी रात के बाद दानपेटी से नगदी रकम व मूर्ति से जेवर चोरी करके भागते समय आरोपी को टाउनशिप में पेट्रोलिंग कर रही सिक्योरिटी टीम ने पकड़ लिया। मामले में मंदिर से चोरी का माल बरामद होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बालकोनगर में सेक्टर-2 के आगे दोंदरो जाने वाले मार्ग पर काली मंदिर स्थित है। जहां शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे एक नाकाबपोश चोरी करने खिड़की की जाली काटकर अंदर घुसा। जहां दानपेटी तोड़कर अंदर से दान की रकम व मूर्ति पर चढ़ी जेवरों की चोरी की। जहां मिली नगदी रकम व चिल्हर को वह बोरी व जेवर को बैग में भरकर अपने बाइक सीजी-12-एक्यू-9257 से वापस भागने लगा। वह जीएम ऑफिस की ओर से राम मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग से भाग रहा था। करीब ढाई बजे टाउनशिप की पेट्रोलिंग में लगे बालको के असिस्टेंट मैनेजर आवेश बुंदेला के नेतृत्व में G4S सिक्योरिटी के लीड एडमिन मनीष विश्वास के साथ गार्ड ओम प्रकाश एवं सुनील सिंह बघेल की नजर उसपर पड़ी। संदिग्ध नजर आने पर उसे रोककर पूछताछ की गई तो वह हड़बड़ा गया। उसके पास नजर आ रहे बोरी व बैग की तलाशी लेने पर उसमें जेवर और नगदी व चिल्हर रकम मिले। साथ ही कटर, हथौड़ी व छेनी भी था। पूछताछ करने पर वह गोलमाेल जवाब देने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने काली मंदिर से चोरी करके भागना बताया। उसे लेकर टीम काली मंदिर पहुंची तो वहां चोरी होना पाया गया। इसके बाद उसे बालको पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम संजीत कुमार गुप्ता (32) निवासी नेहरूनगर झंडा चौक बताया। आरोपी संजीत कुमार के पास से पुलिस ने गेट पास जब्त किया जिससे पता चला कि वह बालको प्लांट में नियोजित एक ठेका कंपनी में काम करता है। पुलिस ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों को बुलाकर आरोपी से बरामद रकम व जेवर का मिलान कराया तो उन्होंने मंदिर का होना बताया। वहीं गिनने व मिलान करने पर नगदी रकम करीब 80 हजार व करीब पौने 2 लाख रुपए का जेवर मिला। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय पेश करने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।