आर्डर था वेज लॉलीपॉप का परोस दिया नॉनवेज वाला, होटल संचालक व वेटर पर एफआईआर


कोरबा। शहर के एक होटल में रात्रि भोज के लिए पहुंचे एक परिवार ने वेज लॉलीपॉप का आर्डर दिया। लेकिन उसकी जगह नॉनवेज लॉलीपॉप परोस दिया गया। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने होटल के संचालक व वेटर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
बालकोनगर निवासी विजय शर्मा 38 बालको प्लांट में प्रोसेस टेक्निशियन है। उन्होंने सीएसईबी चौकी में शहर के ट्रांसपोर्टनगर स्थित होटल डिलिसियस वर्ल्ड के संचालक व वेट के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। पुलिस के मुताबिक 21 अप्रैल की रात करीब पौने 9 बजे विजय शर्मा परिवार समेत भोजन करने होटल डिलिसियस वर्ल्ड में गया था। जिसमें उनके माता पिता, पत्नी व बच्चे थे। उन्होंने वेटर को शाकाहारी भोजन के लिए आर्डर दिया गया। जिसमें वेज लॉलीपॉप भी लाने को कहा गया था। भोजन परोसा गया तो लॉलीपॉप खाने पर उसमें हड्डी का टुकड़ा निकला। वेटर को बुलाकर उसे दिखाने पर गलती से वेज लॉलीपॉप की जगह नॉनवेज लॉलीपाप देना स्वीकार किया गया। परिवार ने नॉनवेज लॉलीपॉप की भुगतान रसीद मांगी तो होटल स्टाफ द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए चमकाया गया। जहां से परिवार वापस लौट गया। लेकिन बाद में शाकाहारी भोजन के स्थान पर मासाहारी भोजन परोस कर हमारे धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने व चमकाने की रिपोर्ट लिखाई। सीएसईबी चौकी पुलिस ने मामले में होटल के संचालक व वेटर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अपराध दर्ज, मामले में की जा रही है जांच
सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव के मुताबिक होटल में वेज लॉलीपॉप की जगह नॉनवेज लॉलीपॉप परोसकर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने और आपत्ति करने पर धमकी देने की शिकायत पर होटल संचालक और वेटर के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामले में आगे जांच की जा रही है।
